देहरादून। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार किए गए 5,000 आवास इस माह लाभार्थियों को सौंपे जाएंगे। सभी आवासों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का समय मिलते ही राज्य स्तर पर भव्य समारोह आयोजित कर लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
आवास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के लाभार्थी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ेंगे। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर सहित कई जिलों में योजना के तहत आवास तैयार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में बहुमंजिला ईडब्ल्यूएस (EWS) आवास बनाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मकानों के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इन घरों में शौचालय, बिजली कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल और रसोई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कई स्थानों पर लाभार्थियों को उज्ज्वला और सौभाग्य जैसी योजनाओं से भी जोड़ा गया है।
योजना के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आवास निर्माण की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई, जिससे निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रही और कार्य समय पर पूरा हो सका।
श्याम अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। आगामी चरणों में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीब और निम्न आय वर्ग के लोगों को सुरक्षित आवास मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और निर्माण गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।