ग्राम पठाली में भालू का हमला, दरांती से भिड़कर महिला ने बचाई जान

ग्राम पठाली में भालू का हमला, दरांती से भिड़कर महिला ने बचाई जान

रुद्रप्रयाग जनपद की ऊखीमठ तहसील के ग्राम पठाली में दिनदहाड़े भालू के हमले का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान मनबर सिंह नेगी की पत्नी 55 वर्षीय रामेश्वरी देवी पर उस समय हमला हुआ, जब वह सुबह करीब साढ़े दस बजे घास लेने खेत गई थीं।

500 मीटर दूर खेत में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, रामेश्वरी देवी अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर एरेठी सुबदा तोक में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

लेकिन महिला ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और हाथ में मौजूद दरांती से भालू पर प्रहार कर अपना बचाव किया। संघर्ष के दौरान वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गईं, लेकिन शोर मचाते हुए किसी तरह वहां से भाग निकलीं और अपने पति को घटना की जानकारी दी। शोर सुनकर उनके पति भी मौके की ओर दौड़े। तब तक भालू वहां से भाग चुका था।

हाथ में गंभीर चोट, छह टांके लगे

हमले में महिला के दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया।

चिकित्सकों ने उनके हाथ पर छह टांके लगाए। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार महिला की हालत अब सामान्य है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।

गांव में गश्त तेज

वन विभाग ने गांव में गश्त टीम तैनात कर दी है, जो लगातार निगरानी कर रही है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।

इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को उजागर किया है, वहीं महिला की बहादुरी की क्षेत्र में सराहना हो रही है।