उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर पर रोक, UPCL का बड़ा फैसला

उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर पर रोक, UPCL का बड़ा फैसला

देहरादून: उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। कंपनी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अब फिलहाल किसी भी उपभोक्ता के यहां नया स्मार्ट मीटर स्थापित नहीं किया जाएगा।

मुख्य अभियंता (परिचालन) द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली सभी एजेंसियां तत्काल प्रभाव से कार्य बंद करें। साथ ही स्मार्ट मीटरिंग से जुड़ी शिकायतों और तकनीकी समस्याओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। समीक्षा पूरी होने और समाधान तय होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।

स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अधिक और कथित रूप से गलत बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई थी। सामान्य से ज्यादा बिल आने की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए शासन स्तर पर यह अहम फैसला लिया गया है।

UPCL मुख्यालय ने पुराने मीटर की जगह नए स्मार्ट मीटर लगाने पर फिलहाल पूर्ण रोक लगा दी है। अब पहले प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा, उसके बाद ही स्मार्ट मीटर स्थापना की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।