पौड़ी में भालू का आतंक बरकरार, पाबौ क्षेत्र में महिला पर हमला, एयर एंबुलेंस से देहरादून रेफर

पौड़ी में भालू का आतंक बरकरार, पाबौ क्षेत्र में महिला पर हमला, एयर एंबुलेंस से देहरादून रेफर

पौड़ी: पौड़ी जिले में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को पाबौ विकासखंड के खंडुली गांव में जंगल में चारा लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। खंडुली गांव निवासी ज्योति देवी, पत्नी जगदीश, जंगल की ओर जा रही थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए घायल महिला को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया।

सीएचसी पाबौ में डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य कलूण भरत रावत ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से संपर्क किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर घायल महिला को एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।