देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि केंद्रीय बजट 2026 के तहत उत्तराखंड में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसी कारण बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने केंद्रीय बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित और क्षेत्रीय विकास की बड़ी संभावनाएं लेकर आने वाला बताया।
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग से राज्य को लगभग 1800 करोड़ रुपये अधिक मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय गाइडों के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही बादाम और अखरोट जैसी नकदी फसलों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट भारत की भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।