देहरादून: विवाह समारोहों में हथियारों पर प्रतिबंध के बावजूद लापरवाही का मामला सामने आया है। थाना रायपुर क्षेत्र के नेहरू ग्राम में मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जिससे एक युवती घायल हो गई।
समारोह में मचा हड़कंप
घटना सोमवार रात की है। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गोली एक युवती के पैर के पंजे के अगले हिस्से में जा लगी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
आरोपी हिरासत में, पिस्टल जब्त
शिकायतकर्ता कमल कुमार यादव ने थाना रायपुर में तहरीर दी। आरोप है कि धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी लाइसेंसी पिस्टल लेकर समारोह में पहुंचा था। कॉकटेल पार्टी के दौरान डांस करते समय पिस्टल से फायर हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पिस्टल जब्त कर ली गई है और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
नाचते समय दब गया ट्रिगर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी। आरोपी के अनुसार डांस करते समय ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।