उत्तराखंड: रोडवेज बस खाई में गिरी, 3 की मौत, 30 से अधिक घायल

उत्तराखंड: रोडवेज बस खाई में गिरी, 3 की मौत, 30 से अधिक घायल

देहरादून। हिमाचल प्रदेश के नेरूवा से विकासनगर की ओर आ रही एक रोडवेज बस मंगलवार सुबह देहरादून जिले के कुआनु, मीनाक मोटर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल परिवहन निगम (HRTC) की बताई जा रही है, जिसमें करीब 35 यात्री सवार थे। सुबह के समय अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर सुदोई खड्ड के पास खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खबर लिखे जाने तक 12 से अधिक घायलों को खाई से निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा चुका था। शेष घायलों को निकालने के लिए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एंबुलेंस टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता पर जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।