देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में मारपीट, तोड़फोड़ और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
वीडियो फुटेज के आधार पर हुई पहचान
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी/वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं।
नामकरण विवाद से बढ़ा मामला
गौरतलब है कि 21 फरवरी को ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में विद्यालय के नामकरण को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थक कार्यालय पहुंचे थे। विवाद बढ़ने पर कार्यालय में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई।
दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज
निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शिकायत पर विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं विधायक के गनर की ओर से भी अलग से मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।