IIT रुड़की ने फैशन और AI को जोड़ा, ‘फ्लोरा’ डेटासेट और ‘नेरा अडैप्टर’ किया विकसित

IIT रुड़की ने फैशन और AI को जोड़ा, ‘फ्लोरा’ डेटासेट और ‘नेरा अडैप्टर’ किया विकसित

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फैशन डिज़ाइन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने देश का पहला फैशन-स्केच आधारित एआई डेटासेट ‘फ्लोरा’ और अत्याधुनिक तकनीक ‘नेरा अडैप्टर’ विकसित की है, जो फैशन डिज़ाइन की पेशेवर भाषा को समझकर उसे सटीक स्केच में बदलने में सक्षम है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, फैशन डिज़ाइन रचनात्मकता और कल्पनाशीलता पर आधारित होता है, लेकिन पारंपरिक तरीके से किसी विचार को स्केच में उतारने में काफी समय और मेहनत लगती है। बदलते समय के साथ ग्राहक भी अब साधारण शब्दों के बजाय जटिल और तकनीकी फैशन शब्दावली का इस्तेमाल करने लगे हैं, जिसे मौजूदा एआई टूल्स अक्सर सही ढंग से समझ नहीं पाते।

आईआईटी रुड़की द्वारा विकसित यह नई एआई प्रणाली विस्तृत फैशन शब्दावली को समझकर उसे अभिव्यक्तिपूर्ण और सटीक फैशन स्केच में बदलने की क्षमता रखती है। इससे डिज़ाइन प्रक्रिया न केवल तेज़ होगी, बल्कि उसमें सटीकता और रचनात्मकता भी बढ़ेगी।

यह शोध आईआईटी रुड़की के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग और मेहता फैमिली स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संयुक्त सहयोग से किया गया है। इस परियोजना का नेतृत्व प्रोफेसर स्पर्श मित्तल ने किया।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भारत के फैशन उद्योग में एआई आधारित डिज़ाइन को नई दिशा देगी। आने वाले समय में इससे फैशन टेक्नोलॉजी, डिज़ाइन ऑटोमेशन और क्रिएटिव इंडस्ट्री में नए अवसर पैदा होंगे।