मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पुराने पीर के पास 17 फरवरी को मिले ग्रामीण प्रदीप के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गई धनराशि भी बरामद कर ली है।
शराब पीने के दौरान बना हत्या का प्लान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि 17 फरवरी को प्रदीप शराब खरीदने के लिए रुड़की स्थित स्टेटस रोडवेज बस अड्डे पर गया था, लेकिन वहां शराब की दुकान बंद थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात विनायक त्यागी निवासी ग्राम बदला, थाना छप्पर (हाल निवासी ग्राम सराय, ज्वालापुर) से हुई, जो स्वयं भी शराब खरीदने आया था।
दोनों ने रामपुर चुंगी स्थित दुकान से शराब खरीदी और मंगलौर के पास एक बाग में बैठकर शराब पीने लगे। बातचीत के दौरान प्रदीप ने बताया कि उसके पास 20 हजार रुपये हैं।
लालच में की हत्या
एसएसपी के अनुसार, रुपयों के लालच में आकर विनायक त्यागी ने पहले प्रदीप का गला दबाया और फिर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया।
‘मिस्टर उत्तराखंड’ रह चुका है आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से लूटी गई रकम भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2019 में ‘मिस्टर उत्तराखंड’ रह चुका है, लेकिन लंबे समय से शराब की लत में था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि नशे की लत किस तरह गंभीर अपराधों को जन्म दे सकती है।