औली में नेशनल हिमकीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का शुभारंभ, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया उद्घाटन

औली में नेशनल हिमकीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का शुभारंभ, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया उद्घाटन

चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में विश्व प्रसिद्ध नेशनल हिमकीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि औली की पावन और मनोहारी धरती पर आयोजित यह आयोजन उत्तराखंड को वैश्विक शीतकालीन पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य को विश्वस्तरीय विंटर डेस्टिनेशन बनाने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।

औली: 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर बसा विंटर स्पोर्ट्स हब
पर्यटन मंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है। समुद्र तल से लगभग 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपने विस्तृत प्राकृतिक ढलानों, ओक और देवदार के घने वनों तथा हिमालय की भव्य चोटियों — नंदा देवी, कामेत और माना पर्वत — के मनोहारी दृश्यों के कारण भारत का प्रमुख विंटर डेस्टिनेशन बन चुका है।
उन्होंने कहा कि यहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थल बनाती है।

13 से 16 फरवरी तक होंगे विविध आयोजन
13 से 16 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस विंटर कार्निवल में स्कीइंग प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोककलाओं की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा, होमस्टे और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि औली को स्थायी रूप से एक Winter Sports Hub के रूप में विकसित करना है।