पीएम मोदी आज भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट एक्सपो का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी आज भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट एक्सपो का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली में सोमवार को नरेंद्र मोदी इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह एक्सपो इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के साथ ही उसी परिसर में आयोजित होगा।

70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले इस भव्य आयोजन में ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनियां, स्टार्टअप, शिक्षाविद, शोध संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय साझेदार एक मंच पर नजर आएंगे। इस दौरान 13 देशों के पवेलियन लगाए जाएंगे, जो एआई इकोसिस्टम में वैश्विक सहयोग को प्रदर्शित करेंगे।
इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान सहित कई अफ्रीकी देशों के पवेलियन शामिल हैं। एक्सपो में 300 से अधिक क्यूरेटेड प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ थीम पर डिजाइन किया गया है।

कार्यक्रम में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भी भाग ले रहे हैं, जिनमें से कई वैश्विक स्तर पर जनसंख्या-स्तरीय समाधान विकसित कर रहे हैं। ये स्टार्टअप ऐसे वर्किंग सॉल्यूशन प्रस्तुत करेंगे, जो वास्तविक दुनिया में पहले से लागू हैं। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों समेत 2.5 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है।

इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक एआई इकोसिस्टम में नई साझेदारियों को बढ़ावा देना और व्यावसायिक अवसरों का सृजन करना है। एक्सपो के दौरान 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3,250 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता और पैनल सदस्य भाग लेंगे। ये सत्र विभिन्न क्षेत्रों में एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव और भविष्य की दिशा पर केंद्रित होंगे, ताकि तकनीक का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह एक्सपो एआई के व्यावहारिक उपयोग का राष्ट्रीय प्रदर्शन होगा, जहां नीति और व्यवहार, नवाचार और विस्तार तथा तकनीक और आम नागरिक के बीच सार्थक संवाद स्थापित होगा।