देहरादून में लगातार हो रही हत्याओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक युवक की हत्या का है, जिसका शव श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिड़ियापुर जंगल में रेत में दबा मिला। पुलिस ने श्यामपुर पुलिस की मदद से जंगल से शव बरामद कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच नशे की हालत में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपने ही साथी की जान ले ली। मृतक की पहचान दिगंबर धीमान के रूप में हुई है। हत्या 9 फरवरी को की गई थी, जबकि 11 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लगातार जांच के बाद मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।
पिछले 15 दिनों में देहरादून में चार बड़ी हत्याओं ने शहर को दहला दिया है। सिलसिलेवार वारदातों के चलते स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। हाल ही में सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए।
बढ़ते अपराध को देखते हुए राज्य सरकार ने आठ जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की। देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को हटाकर प्रमेंद्र सिंह डोबाल को नया कप्तान बनाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। इसके बाद जिले में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
02 फरवरी को दूल्हा बाजार में गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी आकाश और गुंजन एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई, जिसने जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी है।
11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर टेनिस खेलकर लौट रहे गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से शहर में व्यापक सनसनी फैल गई थी। हत्या की साजिश रचने के आरोप अर्जुन की मां और उसके एक सहयोगी पर लगे हैं।
13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की सिर में नजदीक से कई गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के कई दिन बाद भी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
17 फरवरी को सामने आए दिगंबर धीमान हत्याकांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चिड़ियापुर जंगल से रेत में दबाया गया शव बरामद किया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।