भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज और फैंस के बीच ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी है। शिखर ने अपनी लेडी लव सोफी के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन का आगाज किया। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई शादी की तस्वीरों ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।
शिखर के दोस्त और क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने इंस्टाग्राम पर वेडिंग फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “मेरे यार की शादी है…”। इसके बाद फैंस की बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
सादगी और रॉयल्टी से भरपूर वेडिंग लुक
शादी के लिए कपल ने ‘व्हाइट और आइवरी’ थीम चुनी। सफेद और सुनहरे फूलों से सजे मंडप के नीचे दोनों किसी रॉयल कपल की तरह नजर आए।
दुल्हन सोफी ने मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन का आइवरी और ऑरेंज शेड का खूबसूरत 3डी फ्लोरल ट्रेल लहंगा पहना। लहंगे पर हाथ से की गई रंग-बिरंगी फूलों की बारीक कढ़ाई थी। इसके साथ पर्ल एम्ब्रॉयडरी ब्लाउज, काउल टैसल्स और मैचिंग एम्ब्रॉयडरी हेड वेल ने उनके लुक को बेहद एलिगेंट बनाया।
जूलरी में पर्ल और कुंदन का नेकलेस व छोटा-सा मांग टीका उनके चेहरे की रौनक बढ़ा रहा था। बताया जा रहा है कि उनके लहंगे की कीमत करीब 8.25 लाख रुपये है।
दूल्हे शिखर धवन ने सफेद एम्ब्रॉयडरी वाली शेरवानी और शानदार पगड़ी पहनी। गले में पन्ने की लंबी माला ने उनके लुक में खास कंट्रास्ट जोड़ा। पूरे अंदाज में वह किसी रियासत के राजकुमार से कम नहीं लग रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों में दोनों की मुस्कान उनकी खुशियों को साफ बयां कर रही है। फैंस और क्रिकेट जगत की हस्तियों ने नवविवाहित जोड़े को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।