देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा के 2026 बजट सत्र की तिथियों का ऐलान कर दिया है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी ने आदेश जारी करते हुए जानकारी दी कि बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आहूत किया जाएगा। 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश करेंगे।
जारी आदेश के अनुसार, सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होगा। इस संबंध में विधानसभा सचिव को अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, 15 जनवरी 2026 को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र को लेकर चर्चा की गई थी। मंत्रिमंडल ने तिथियों और स्थान के चयन के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 21 जनवरी को घोषणा की थी कि सत्र गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आयोजित होगा, हालांकि उस समय तिथियों की घोषणा नहीं की गई थी।
सरकार की ओर से पहले ही गैरसैंण में सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया जा चुका था, जिसके तहत विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वित्त विभाग ने भी सभी विभागों से बजट प्रस्ताव मांगे थे, जिन पर वर्तमान में विभागवार चर्चा चल रही है। बजट का अंतिम स्वरूप जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में मेंटेनेंस कार्य चलने के कारण सत्र देहरादून में आयोजित करना पड़ा था। अब मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद इस वर्ष सत्र गैरसैंण में ही होगा।
सत्र की कार्यवाही 9 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के अभिभाषण से शुरू होगी। 10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी, जबकि 11 मार्च को मुख्यमंत्री धामी आगामी वित्तीय वर्ष का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे।