इस बार बदरी-केदार मंदिर परिसर के 70 मीटर दायरे में मोबाइल फोन पर रहेगा प्रतिबंध

इस बार बदरी-केदार मंदिर परिसर के 70 मीटर दायरे में मोबाइल फोन पर रहेगा प्रतिबंध

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में मंदिर परिसर से 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालु मंदिर के निकट जाकर रील या वीडियो नहीं बना सकेंगे। धामों की पवित्रता और सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति ने यह निर्णय लिया है।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि बदरी-केदार धाम में व्यवस्थाओं को प्रशासन के साथ समन्वय कर और बेहतर बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसरों के 70 मीटर दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग तथा रील और वीडियो बनाने पर पूर्ण रोक रहेगी। यह निर्णय धाम की पवित्रता बनाए रखने और तीर्थयात्रियों को सरल व सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।

यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर समिति के सभी विश्राम गृहों को तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सुसज्जित किया जाएगा। साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शीघ्र ही मंदिर समिति की बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें यात्रा व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक बजट प्रावधान किए जाएंगे। मंदिर समिति ने कहा है कि वह श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।