रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने तीन विद्यालयों के औचक निरीक्षण में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं पाए जाने पर दो प्रधानाध्यापकों और एक सहायक अध्यापिका को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राप्रावि बैतखेड़ी बाजपुर, राप्रावि मडैयाहट्ट केलाखेड़ा और राप्रावि इस्लामनगर खटीमा में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर की गई।
डीईओ ने बताया कि 13 फरवरी को बैतखेड़ी स्थित विद्यालय के निरीक्षण के दौरान दो अलग-अलग आवागमन पंजिकाएं मिलीं। इसके अलावा भी कई अन्य कमियां सामने आईं। इस संबंध में मोहम्मद यूसुफ समेत अन्य सहायक अध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
8 सितंबर 2025 को विकासखंड बाजपुर के मडैयाहट्ट विद्यालय के निरीक्षण में पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अंगन लाल बिना प्रभार हस्तांतरण किए अवकाश पर चले गए थे। पूर्व में दिए गए नोटिस का संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।
वहीं इस्लामनगर, खटीमा में उप शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापिका कीर्ति राना की नियुक्ति संदिग्ध पाई गई। उन पर कूटरचित प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर उन्हें निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खटीमा से संबद्ध कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अनियमितताएं मिलने पर तीनों शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है और मामले की आगे जांच जारी है।