भारतीय थल सेना में ‘महिला अग्निवीर’ की भर्तियां, 1 अप्रैल से करें आवेदन

भारतीय थल सेना में ‘महिला अग्निवीर’ की भर्तियां, 1 अप्रैल से करें आवेदन

देहरादून: भारतीय थल सेना ने मिलिट्री पुलिस में ‘महिला अग्निवीर (जनरल ड्यूटी)’ पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती जोनल रिक्रूटिंग ऑफिस (ZRO) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की अविवाहित महिला अभ्यर्थी 01 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

भर्ती के लिए उम्मीदवार का न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना अनिवार्य है। प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक होने चाहिए। हल्के वाहन चलाने का लाइसेंस रखने वाली अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। वेतनमान लगभग 30,000 से 40,000 रुपये प्रतिमाह रहेगा, जो अग्निवीर योजना के नियमों के अनुसार होगा।

आयु सीमा के अनुसार उम्मीदवार का जन्म 01 जुलाई 2005 से पहले और 01 जुलाई 2009 के बाद नहीं होना चाहिए। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा में 1.6 किलोमीटर की दौड़ 7 मिनट 30 सेकेंड में पूरी करने पर 60 अंक तथा 7 मिनट 31 सेकेंड से 8 मिनट के बीच पूरी करने पर 48 अंक मिलेंगे। इसके अलावा 7 फीट लंबी खाई कूदना और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट क्वालिफाइंग होंगे। पुल-अप्स में प्रदर्शन के आधार पर 16 से 40 अंक तक दिए जाएंगे। न्यूनतम कद 162 सेंटीमीटर निर्धारित है तथा वजन कद के अनुपात में होना चाहिए।

विधवा या तलाकशुदा महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं, बशर्ते उनकी कोई संतान न हो। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट Indian Army joinindianarmy.nic.in पर जाकर “JCO/OR/Agniveer Enrolment” सेक्शन में उपलब्ध ZRO UP and Uttarakhand WMP Notification Year 2027 के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।