PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त की नई तारीख सामने आई, किन किसानों के खाते में आ सकते हैं 2000 रुपये?

PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त की नई तारीख सामने आई, किन किसानों के खाते में आ सकते हैं 2000 रुपये?

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का देशभर के करोड़ों किसान लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि यह किस्त फरवरी के आखिर तक किसानों के खातों में भेज दी जाएगी। बाद में यह भी अनुमान लगाया गया कि होली से पहले किसानों को 2-2 हजार रुपये मिल सकते हैं।

हालांकि फरवरी का महीना समाप्त हो चुका है और होली भी गुजर गई, लेकिन अब तक किसानों के खातों में राशि नहीं पहुंची है। केंद्र सरकार की इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। योजना के तहत किसानों को हर वर्ष कुल 6 हजार रुपये की सहायता मिलती है, जिसे तीन बराबर किस्तों में 2-2 हजार रुपये करके सीधे बैंक खातों में भेजा जाता है।

अब मीडिया रिपोर्ट्स में एक नई संभावित तारीख सामने आई है, जिससे किसानों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही 22वीं किस्त जारी हो सकती है।

PM Kisan 22nd Installment: कब जारी हो सकती है राशि?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी किए जाने की घोषणा हो सकती है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस दिन असम के दौरे पर जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसी कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए इस किस्त को जारी करने की घोषणा की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इन किसानों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त उन किसानों को नहीं मिल पाएगी, जिन्होंने अभी तक अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है या फिर फार्मर आईडी तैयार नहीं की है। ऐसे लाभार्थियों को भुगतान मिलने में दिक्कत हो सकती है।

इसके अलावा यदि किसी किसान परिवार में एक से अधिक सदस्य इस योजना का लाभ ले रहे हैं, तो भी नियमों के अनुसार उन्हें इस सुविधा से वंचित किया जा सकता है। यहां परिवार से आशय पति, पत्नी और बच्चों से है।

इसी तरह यदि कोई किसान सरकारी नौकरी में नियुक्त हो जाता है या आयकरदाता बन जाता है, तो उसे भी इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता बंद हो सकती है।

इसके अतिरिक्त जिन किसानों को किसी अन्य सरकारी योजना के तहत 10 हजार रुपये या उससे अधिक की पेंशन मिल रही है, वे भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ के पात्र नहीं माने जाएंगे।