देहरादून: दून मेडिकल कॉलेज में टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य ने प्राचार्य से जवाब तलब किया है। साथ ही मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में बिस्तर, स्टेशनरी, सैनिट्री, कंप्यूटर और बिजली के सामान की खरीद के लिए टेंडर जारी किए गए थे। आरोप है कि निविदा में भाग लेने के लिए दुकानदारों की सालाना आय (सिक्योरिटी राशि) की शर्त को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 80 लाख रुपये कर दिया गया।
इस बदलाव से नाराज दुकानदारों और व्यापार समिति ने मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड के सचिव से की थी। सचिव के निर्देश पर अब कॉलेज प्रशासन से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि नियमों में इस तरह का बदलाव क्यों किया गया, इसकी विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निदेशालय स्तर पर जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि गड़बड़ी साबित होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।