देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग और नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा ‘नमामि गंगे’ इकाई के अंतर्गत अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर एसएसबी श्रीनगर के असिस्टेंट कमांडेंट अरुण सिंह शामिल हुए।
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकारों—डॉ. नीरज मैथानी, जयकृष्ण पैन्यूली, डॉ. ऋतु सिंह, डॉ. दीपक द्विवेदी, विवेक बादल, वीरेंद्र डंगवाल ‘पार्थ’ समेत अन्य रचनाकारों ने अपनी कविताओं और गीतों के माध्यम से गंगा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मुद्दों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एम.एन. नौड़ियाल ने किया।
इस आयोजन की सबसे खास बात इसका पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त होना रहा। महाविद्यालय ने प्लास्टिक के स्थान पर मालू के पत्तों के पत्तल, कुल्हड़, मिट्टी के बर्तन, लकड़ी की ट्रे और घड़ों का उपयोग कर एक मिसाल पेश की।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।