डॉ. तनवी मौत मामला: महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दिये पुलिस को निष्पक्ष जांच के कड़े निर्देश

डॉ. तनवी मौत मामला: महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दिये पुलिस को निष्पक्ष जांच के कड़े निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने SGRR Medical College की पीजी छात्रा डॉ. तनवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर उन्होंने पुलिस प्रशासन को तत्काल सख्त और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

देहरादून स्थित SGRR मेडिकल कॉलेज की पीजी छात्रा डॉ. तनवी अपनी कार में संदिग्ध अवस्था में अचेत मिली थीं। जिन्हें अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब मृतका के पिता ने विभागाध्यक्ष पर मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए।

परिजनों का आरोप है कि छात्रा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था, उसे बार-बार फेल करने की धमकियां दी जा रही थीं और अवैध रूप से पैसों की मांग भी की जा रही थी। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग सहित कई साक्ष्य मौजूद हैं।

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसपी सिटी देहरादून Pramod Kumar को निर्देश दिए हैं कि मामले की गहनता से जांच की जाए और जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर बिना देरी के सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में छात्राओं का मानसिक उत्पीड़न अस्वीकार्य है और आयोग पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला आयोग ने पुलिस से मामले की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की है और साक्ष्यों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करने के निर्देश दिए हैं।