रुद्रपुर में नकली NCERT किताबों का बड़ा भंडाफोड़, ट्रक से ढाई लाख से अधिक किताबें बरामद

रुद्रपुर में नकली NCERT किताबों का बड़ा भंडाफोड़, ट्रक से ढाई लाख से अधिक किताबें बरामद

रुद्रपुर। पुलिस ने शिक्षा से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। ग्राम कीरतपुर में आनंद बैंक्वेट हॉल के पास पुलिस ने देर रात करीब एक बजे एक ट्रक को रोककर जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में किताबें भरी हुई मिलीं। प्रारंभ में यह सामान्य शैक्षिक सामग्री का परिवहन प्रतीत हुआ, लेकिन जांच के बाद मामला नकली किताबों का निकला।

सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि ट्रक में रखी गई किताबें एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से मिलती-जुलती थीं, लेकिन उनकी छपाई और गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। अधिकारियों के अनुसार ये किताबें फर्जी प्रतीत हो रही हैं।

पुलिस के मुताबिक ट्रक से करीब ढाई लाख से अधिक किताबें बरामद होने का अनुमान है, जिनकी बाजार कीमत लगभग छह से सात करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित गोदाम को सीज कर दिया है। फिलहाल इस फर्जीवाड़े से जुड़े लोग फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

एनसीईआरटी को दी गई सूचना

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किताबों के कवर और अंदर के कंटेंट में कई तकनीकी गड़बड़ियां मिली हैं, जिससे इनके नकली होने की आशंका और मजबूत हो गई है। मामले की जानकारी एनसीईआरटी को भी दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि एनसीईआरटी की विशेषज्ञ टीम सोमवार को रुद्रपुर पहुंचेगी और किताबों की बारीकी से जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किताबें पूरी तरह फर्जी हैं या अवैध तरीके से प्रिंट की गई हैं। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवा दिया है और चालक से पूछताछ जारी है।