राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 15 मार्च को, 110 केंद्रों पर होगी परीक्षा

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 15 मार्च को, 110 केंद्रों पर होगी परीक्षा

समस्त राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 2026 एवं कक्षा 7, 8, 9 एवं 11 में प्रवेश हेतु पार्श्व प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन दिनांक 15 मार्च 2026 (रविवार) को प्रदेश के समस्त विकासखण्डों में निर्धारित 110 परीक्षा केन्द्रों में किया जायेगा। कक्षा 6, 7 एवं 8 हेतु परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक तथा कक्षा 9 एवं 11 हेतु परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित है।

इस परीक्षा में सम्मलित होने हेतु कक्षा 6 के लिये अभ्यर्थी की आयु 01 अप्रैल 2026 को 09 से 13 वर्ष के मध्य, अर्थात् अभ्यर्थी का जन्म 01 अप्रैल 2013 से 31 मार्च 2017 के मध्य होनी चाहिए। कक्षा 7 व 8 में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 01 अप्रैल, 2026 को 11 से 14 वर्ष के मध्य, अर्थात अभ्यर्थी का जन्म 01 अप्रैल, 2012 से 31 मार्च, 2015 के मध्य होनी चाहिए। कक्षा 9 में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 01 अप्रैल, 2026 को 14 से 16 वर्ष के मध्य, अर्थात अभ्यर्थी का जन्म 01 अप्रैल, 2010 से 31 मार्च, 2012 के मध्य होनी चाहिए। कक्षा 11 में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 01 अप्रैल, 2026 को 16 से 18 वर्ष के मध्य, अर्थात अभ्यर्थी निर्धारित का जन्म 01 अप्रैल, 2008 से 31 मार्च, 2010 के मध्य होनी चाहिए। परीक्षा हेतु अर्ह अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्रों का वितरण उप/खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा किया जायेगा।

परीक्षा हेतु अर्ह अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे परीक्षा में सम्मलित होने हेतु परीक्षा तिथि अर्थात दिनांक 15 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे तक अपने परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश पत्र के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। यदि किसी अर्ह अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं होता है अथवा खो जाता है तो वे अपने परीक्षा केन्द्र से परीक्षा तिथि अर्थात दिनांक 15 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे तक एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ उपस्थित होकर अपना प्रवेश पत्र निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।