बागेश्वर में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, 100 दिन में तीसरी बार डोली बागनाथ की धरती…

बागेश्वर में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, 100 दिन में तीसरी बार डोली बागनाथ की धरती…

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में हल्की दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह 11:47 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट के पास जमीन से लगभग 10 किलोमीटर गहराई में स्थित था। कई लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण झटकों को महसूस भी नहीं कर पाए।

प्रशासन हुआ सतर्क

भूकंप के झटकों के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग की टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही हैं, ताकि किसी संभावित नुकसान की पुष्टि की जा सके।

इस साल तीसरी बार हिली धरती

खास बात यह है कि इस वर्ष बागेश्वर जिले में यह तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले 13 जनवरी को 3.5 तीव्रता और 6 फरवरी को 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। दोनों ही मामलों में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।

संवेदनशील जोन में उत्तराखंड

गौरतलब है कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य माना जाता है। हाल ही में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा जारी नए भूकंपीय मानचित्र में राज्य को जोन-6 में शामिल किया गया है, जो उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में आता है।

लगातार आ रहे भूकंप के झटके इस क्षेत्र में सतर्कता और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने की आवश्यकता की ओर संकेत करते हैं।