केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई संजीवनी, मुख्यमंत्री धामी ने BPCL अस्पताल का किया लोकार्पण

केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई संजीवनी, मुख्यमंत्री धामी ने BPCL अस्पताल का किया लोकार्पण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) अस्पताल का लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा और उच्च हिमालयी क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़ेमुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले केदारनाथ क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य के तहत प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनसे लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल, बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।