उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 अगस्त तक करें अप्लाई

उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 अगस्त तक करें अप्लाई

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने “उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार” के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया हो अथवा राज्य के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

शासन के अनुसार ऐसे महानुभाव, जिनके कार्यों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है और जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में राज्य का नाम रोशन किया है, वे इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर उसमें उल्लिखित तथ्यों का संबंधित जिलाधिकारी से सत्यापन कराना होगा। सत्यापित आवेदन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, उत्तराखंड शासन, सचिवालय परिसर, सुभाष रोड, देहरादून-248001 के पते पर भेजना होगा।

शासन ने आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र व्यक्तियों, संस्थाओं और नागरिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि योग्य व्यक्तियों का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया जा सके।

पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप जिला प्रशासन कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।