देहरादून। उत्तराखंड में खराब मौसम के चलते 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा को आवश्यक समीक्षा के बाद पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा मार्गों की स्थिति का आकलन करने के बाद यात्रा संचालन बहाल कर दिया गया है।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का सुरक्षित संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यदि यात्रा के दौरान किसी स्थान पर भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए, तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों या होल्डिंग एरिया में ही रुकें और प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा करें।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।