उत्तराखंड में नकली दवाओं का सिंडिकेट बेनकाब, STF ने फैक्ट्री पर मारा छापा

उत्तराखंड में नकली दवाओं का सिंडिकेट बेनकाब, STF ने फैक्ट्री पर मारा छापा

बाजपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री में चल रहे नकली दवाइयों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। छापेमारी के दौरान बिना वैध लाइसेंस के नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली एलोपैथिक और जीवनरक्षक दवाइयों का निर्माण कर बाजार में सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ। एसटीएफ ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कुमाऊं यूनिट, औषधि प्रशासन विभाग, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां से बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेन्द्र को गिरफ्तार किया गया।

आयुर्वेदिक लाइसेंस की आड़ में बन रही थीं नकली दवाइयां
जांच में सामने आया कि आरोपी आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में बिना किसी वैध एलोपैथिक दवा निर्माण लाइसेंस के STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
पूछताछ के बाद एनएच-74 स्थित गोदाम में भी छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, पैकिंग सामग्री और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था।

लाखों की नकली दवाइयां और शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने फैक्ट्री और गोदाम से करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद कीं। इनमें एंटीबायोटिक, एंटासिड, दर्द निवारक, प्रोस्टेट रोग, कैल्शियम, विटामिन और आयरन सप्लीमेंट जैसी कई दवाइयां शामिल हैं।
इसके अलावा MacDowell No.1 के 1,632 क्वार्टर, III RCS ब्रांड की 1,016 बोतलें, 1,000 खाली कांच की बोतलें, ढक्कन, रैपर, उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम और बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई। दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।

कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940, भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।