ताशकंद। भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 साल बाद AFC U-20 एशियन कप के मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत ने अपने आखिरी ग्रुप-बी क्वालीफायर मुकाबले में बांग्लादेश को 3-0 से हराया। इसके बाद उज्बेकिस्तान ने सीरिया को 3-0 से शिकस्त दी, जिसके परिणाम से भारत की एशियन कप में जगह पक्की हो गई।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत की शानदार जीत
बांग्लादेश के खिलाफ भारत की ओर से डैनी मीतेई लैशराम ने 25वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद विशाल यादव ने 60वें मिनट में शानदार शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 79वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी एमडी अरबाश ने जोरदार शॉट के जरिए भारत का तीसरा गोल किया।
भारत ने 3-0 की बढ़त को अंत तक कायम रखा और क्वालीफायर अभियान में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा भारत
भारत ने तीन मुकाबलों में छह अंक हासिल किए और ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रहा। मेजबान उज्बेकिस्तान तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा। सीरिया के खिलाफ उज्बेकिस्तान की 3-0 की जीत भारत के लिए निर्णायक साबित हुई।
भारत ने आखिरी बार 2006 में AFC U-20 एशियन कप के मुख्य टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। इसके बाद अब 20 साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में वापसी की है।
2027 में चीन में होगा एशियन कप
AFC U-20 एशियन कप 2027 का आयोजन चीन में होगा। टूर्नामेंट 24 मार्च से 10 अप्रैल 2027 तक खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता की शीर्ष चार टीमें FIFA U-20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए एशियन कप में जगह बनाना आगे की बड़ी अंतरराष्ट्रीय चुनौती के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि है।