हल्द्वानी। नैनीताल जिले में रिश्वत मांगने के आरोप में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को निलंबित कर दिया गया है। पूर्व सैनिक की शिकायत और एसडीएम की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने यह कार्रवाई की। कानूनगो पर जमीन के सीमांकन और अतिक्रमण से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है।
पहले 9,700, फिर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
मामला हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला क्षेत्र का है। पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपने प्लॉट की करीब 440 वर्ग फीट भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। उन्होंने 14 नवंबर 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व विभाग को शिकायत भेजकर जमीन का सीमांकन कराने और कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 20 नवंबर को जमीन का निरीक्षण करने के बाद कानूनगो ने पहले 9,700 रुपये मांगे। इसके बाद दस्तावेज लेकर तत्काल कार्रवाई करने के नाम पर कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। पूर्व सैनिक ने इस संबंध में प्रशासन को शिकायत दी।
जांच रिपोर्ट के बाद डीएम ने की कार्रवाई
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा। संबंधित कानूनगो से भी स्पष्टीकरण लिया गया। प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने निलंबन के आदेश जारी किए।
निलंबन अवधि के दौरान रमेश चंद्र को तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हलचल है। हालांकि, मामले में अंतिम निष्कर्ष विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।