देहरादून: उत्तराखंड में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त अधिकारियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही सभी अधिकारियों को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आम लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को राजस्व मामलों का निर्णय लेते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए।
बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं पर दें विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से हुए नुकसान का सही और समय पर आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार जल्द राहत मिल सके।
भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सभी अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम को भी तत्परता से पूरा करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
उन्होंने अधिकारियों से सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने और नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया।