पश्चिम एशिया संकट का असर: घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 15 से बढ़ाकर 25 दिन, सरकार ने उठाए एहतियाती कदम

पश्चिम एशिया संकट का असर: घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 15 से बढ़ाकर 25 दिन, सरकार ने उठाए एहतियाती कदम

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। संभावित प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में गैस आपूर्ति को लेकर एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।


सरकार ने रसोई गैस और पीएनजी की घरेलू आपूर्ति को प्राथमिकता देने के लिए कुछ अस्थायी उपाय लागू किए हैं। इसके तहत वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई में कमी की जा रही है, जबकि घरेलू गैस की बुकिंग अवधि बढ़ा दी गई है।

अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगले 25 दिनों तक दूसरा गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे। पहले यह अवधि 15 दिन थी। सरकार का मानना है कि इस कदम से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस बीच सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।