पहली बार टिहरी आएंगे पीएम मोदी, 1000 मेगावाट पीएसपी परियोजना का करेंगे लोकार्पण

पहली बार टिहरी आएंगे पीएम मोदी, 1000 मेगावाट पीएसपी परियोजना का करेंगे लोकार्पण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पहली बार टिहरी दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री 1000 मेगावाट क्षमता वाली टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना का लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना देश की प्रमुख ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का दौरा मई के अंत या जून के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। टिहरी जिला अब तक प्रधानमंत्री के सीधे दौरे से अछूता रहा है, ऐसे में स्थानीय लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

टिहरी बांध पहले से 1000 मेगावाट और कोटेश्वर बांध 400 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रहा है। अब नई पीएसपी परियोजना के जुड़ने से कुल उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट तक पहुंच जाएगी। यह देश की पहली वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज परियोजना मानी जा रही है, जो बिजली की मांग के अनुसार उत्पादन नियंत्रित करने में सक्षम होगी।

प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल परियोजना के लोकार्पण तक सीमित नहीं माना जा रहा। संभावना जताई जा रही है कि वे टिहरी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रख सकते हैं। साथ ही क्षेत्र की रिंग रोड, पुनर्वास, रॉयल्टी और अन्य विकास योजनाओं को लेकर भी बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं।

किशोर उपाध्याय ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं टिहरी आने की इच्छा जताई थी।

उधर, प्रस्तावित दौरे को देखते हुए शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की है।
राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टि से प्रधानमंत्री का संभावित टिहरी दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।