उत्तराखंड में बड़ा हादसा टला, बदरीनाथ से लौट रहे हेलिकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग

उत्तराखंड में बड़ा हादसा टला, बदरीनाथ से लौट रहे हेलिकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग

टिहरी/देहरादून: बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के एक हेलिकॉप्टर को तकनीकी समस्या के चलते चंबा-आराकोट क्षेत्र के सत्यो-सकलाना इलाके में खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा एवं राहत कार्य शुरू किया गया।

प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है। हेलिकॉप्टर को हुए नुकसान और घटना के कारणों की विस्तृत जांच तकनीकी एवं एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज हवाओं के कारण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराए जाने की बात सामने आई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।