देहरादून। दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग, देहरादून द्वारा संचालित दिव्यांग वैवाहिक प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत पात्र दंपतियों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शंकरपुर, हकूमतपुर निवासी अमजद को योजना के अंतर्गत ₹50,000 की प्रोत्साहन धनराशि स्वीकृत की है। इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ उनके सम्मानजनक वैवाहिक जीवन को प्रोत्साहित करना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि ऐसे दंपति, जिनमें पति-पत्नी दोनों दिव्यांग हों या दोनों में से कोई एक दिव्यांग हो, योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। पात्र आवेदकों को निर्धारित प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर अपने संबंधित विकासखंड कार्यालय में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन के लिए प्रोत्साहित करना है। पात्र लाभार्थियों से समयबद्ध तरीके से आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि नियमानुसार जांच के बाद उन्हें जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला समाज कल्याण कार्यालय, देहरादून या अपने संबंधित विकासखंड के सहायक समाज कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।