श्रीनगर गढ़वाल के निकट ग्राम खोला के युवा अभिनेता मोहित घिल्डियाल आज अपनी मेहनत, प्रतिभा और अभिनय के दम पर मायानगरी मुंबई में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। एक छोटे से पहाड़ी गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले मोहित की सफलता आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
मोहित घिल्डियाल का जन्म राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी से सेवानिवृत्त शिक्षक पी. बी. घिल्डियाल एवं श्रीमती राजी देवी घिल्डियाल के परिवार में हुआ। उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में डिप्लोमा तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, कोलकाता से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बावजूद उनका रुझान बचपन से ही अभिनय और संगीत की ओर रहा। इसी जुनून को अपना लक्ष्य बनाकर उन्होंने इंजीनियरिंग के सुरक्षित करियर की बजाय अभिनय की दुनिया को चुना।
मुंबई पहुंचने के बाद मोहित ने लगातार संघर्ष किया और आज वे कई बड़े फिल्म और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी-2’, लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘भाभी जी घर पर हैं’ तथा फिल्म ‘दैत्य’ सहित कई परियोजनाओं में अभिनय किया है। इसके अलावा वे अनेक क्षेत्रीय फिल्मों और विज्ञापन फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं।
मोहित घिल्डियाल के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ में मुख्य भूमिका निभाना शामिल है। इस फिल्म में उनके प्रभावशाली अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। फिल्म की राष्ट्रीय स्तर पर मिली सफलता ने उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान दिलाने के साथ ही मोहित को भी एक प्रतिभाशाली अभिनेता के रूप में स्थापित किया है।
मोहित की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता हो तो पहाड़ का युवा भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकता है। उनकी उपलब्धि पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।