देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड सरकार राज्य के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में जापान की अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड का प्रतिनिधिमंडल देहरादून पहुंचा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय तथा दून विश्वविद्यालय का भ्रमण कर राज्य सरकार के कौशल विकास और जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया।
प्रतिनिधिमंडल में श्री हिदेतारो उसुई, सुश्री माई इकुता और सुश्री मिहोको मात्सुमोतो शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी भाषा सीख रहे युवाओं से संवाद किया और उन्हें सही उच्चारण, व्यावहारिक संवाद, कॉरपोरेट एथिक्स तथा जापान की कार्य संस्कृति की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जापान में वर्तमान समय में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग जैसे क्षेत्रों में कुशल एवं जापानी भाषा जानने वाले युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उत्तराखंड के युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
सेवायोजन निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार कर रही है। इसके तहत विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और रोजगार संबंधी आवश्यक कौशल भी विकसित किए जा रहे हैं।
दून विश्वविद्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने जापानी भाषा विभाग के प्राध्यापकों और प्लेसमेंट प्रभारियों के साथ बैठक कर भविष्य में शैक्षणिक एवं कौशल विकास सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई। प्रतिनिधियों ने कहा कि जापान में सफल करियर के लिए भाषा के साथ वहां की कार्य संस्कृति, सामाजिक व्यवहार और जीवनशैली की समझ भी जरूरी है।
अपर सचिव मुख्यमंत्री मनमोहन मैनाली ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। सरकार का लक्ष्य युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।