जयपुर: उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में रनर-अप का खिताब हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 51 प्रतिभागियों के बीच करीब 40 दिनों तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से खास पहचान बनाई।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त 2026 को जयपुर के जी स्टूडियो में आयोजित किया गया। देशभर से चयनित 51 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न चरणों व चुनौतियों से गुजरते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।

राष्ट्रीय मंच पर दिखाया पहाड़ का आत्मविश्वास
पूरी प्रतियोगिता के दौरान अनुभा ने अपनी खूबसूरती और स्टेज प्रेजेंस के साथ-साथ अपनी सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से भी जजों और दर्शकों को प्रभावित किया। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी पहाड़ी जड़ों और प्रदेश की पहचान को गर्व के साथ राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
करीब 40 दिनों का यह सफर अनुभा के लिए सिर्फ सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस दौरान उन्होंने अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ खुद को और बेहतर तरीके से समझने का अनुभव हासिल किया।
अपनी उपलब्धि पर अनुभा ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए रनर-अप बनना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
पिता को दिया सफलता का श्रेय
अनुभा ने अपनी इस उपलब्धि में अपने पिता के योगदान को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने समाज की संकीर्ण मानसिकताओं की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीत के दबाव के बजाय अनुभा को अपना शत-प्रतिशत देने की सीख दी।
अनुभा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। उन्होंने यह साबित किया है कि पहाड़ की बेटियां भी बड़े राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा और पहचान का परचम लहरा सकती हैं। उनकी उपलब्धि को उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।