ट्रंप ने आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्रियों को दिया सर्वोच्च सम्मान, अमेरिका में पहली स्पेस अकादमी की भी घोषणा
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐतिहासिक आर्टेमिस-2 अंतरिक्ष मिशन के चालक दल के सदस्यों को देश के सर्वोच्च अंतरिक्ष सम्मानों में शामिल कांग्रेसनल स्पेस मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका में देश की पहली अंतरिक्ष अकादमी स्थापित करने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
नासा के अनुसार, ट्रंप ने आर्टेमिस-2 मिशन में सेवा देने वाले अंतरिक्ष यात्रियों रीड वाइज़मैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच तथा कनाडा के अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन को यह सम्मान प्रदान किया। ह्यूस्टन स्थित नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर में आयोजित समारोह में चारों अंतरिक्ष यात्रियों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2023 के बाद यह सम्मान पाने वाले वे पहले व्यक्ति हैं।
अप्रैल में पूरा हुआ था ऐतिहासिक मिशन
नासा का ऐतिहासिक आर्टेमिस-2 मिशन 1 अप्रैल को रवाना हुआ था और 10 अप्रैल को प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंडिंग के साथ पूरा हुआ। यह मिशन अमेरिका के चंद्र अभियान कार्यक्रम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।
अमेरिका में बनेगी पहली स्पेस अकादमी
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका में पहली अंतरिक्ष अकादमी स्थापित करने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किए। नासा के मुताबिक प्रस्तावित अकादमी में तकनीकी शिक्षा, नेतृत्व विकास, अनुशासन और जनसेवा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष क्षेत्र में अमेरिका के हितों को आगे बढ़ाने के लिए कुशल और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है।