देवप्रयाग, 12 अक्टूबर। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में सोमवार को भारतीय उद्यमिता संस्थान, अहमदाबाद के तत्वावधान में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उद्यमिता, व्यवसाय और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें भविष्य में उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं देवभूमि उद्यमिता योजना के जिला संयोजक दिग्विजय सिंह ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बूट कैंप और ईडीपी (उद्यमिता विकास कार्यक्रम) के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमिता, उद्यमी बनने की प्रक्रिया और व्यवसाय शुरू करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वरोजगार की संभावनाओं और उद्यमिता के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक समझ विकसित करना और उन्हें रोजगार तलाशने के साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्राचार्य ने युवाओं को उद्यमी बनने के लिए किया प्रेरित
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नर्वदेश्वर शुक्ला ने कार्यक्रम में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए जिला संयोजक दिग्विजय सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बेहतर भविष्य के लिए स्वरोजगार अपनाने और उद्यमी बनने की दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओमप्रकाश ने किया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।