एशियन गेम्स में भारत की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका,  चोट के कारण नीरज चोपड़ा प्रतियोगता से हुए बाहर

एशियन गेम्स में भारत की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण नीरज चोपड़ा प्रतियोगता से हुए बाहर

नई दिल्ली। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के चोटिल होने से एशियन गेम्स 2026 में भारत की पदक उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टखने के लिगामेंट में चोट के कारण नीरज ने पूरे 2026 सीजन से हटने का फैसला किया है। ऐसे में वह 19 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
नीरज ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लुसाने डायमंड लीग में सीजन का सर्वश्रेष्ठ 88.05 मीटर थ्रो करने के कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने के लिगामेंट में चोट लग गई। डॉक्टरों और अपनी टीम से सलाह के बाद उन्होंने सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने का निर्णय लिया।
नीरज ने कहा कि यह उनके लिए निराशाजनक है, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय हासिल करने के करीब हैं। हालांकि, अब उनका पूरा ध्यान चोट से अच्छी तरह उबरने और मजबूत वापसी करने पर है।

डायमंड लीग फाइनल से भी बाहर
चोट के कारण नीरज अब डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। इस सीजन में चोट के बाद उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी, जहां 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। इसके बाद ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता।
लुसाने डायमंड लीग में नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो कर इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

एशियन गेम्स में भारत की उम्मीदों को झटका
नीरज के एशियन गेम्स से बाहर होने को भारत के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। उन्होंने पिछले दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते हैं और ओलंपिक में भी भारत को जैवलिन थ्रो में ऐतिहासिक स्वर्ण दिला चुके हैं।
नीरज की गैरमौजूदगी में अब पुरुष जैवलिन थ्रो में भारत की उम्मीदें रोहित यादव पर रहेंगी। रोहित ने हाल ही में भुवनेश्वर में 87.68 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर लेवल कॉन्टिनेंटल टूर इवेंट में जीत दर्ज की थी।