देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रदेश के 19 शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए हर साल शिक्षकों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
इस वर्ष पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों में प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक शिक्षा के छह और प्रशिक्षण संस्थान के एक शिक्षक शामिल हैं। राज्यपाल ने सभी सम्मानित शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
प्रारंभिक शिक्षा के 12 शिक्षक सम्मानित
प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में पौड़ी के विष्णुपाल सिंह नेगी, चमोली के लखपत सिंह रावत, उत्तरकाशी के पृथ्वी सिंह रावत, देहरादून के वीरेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के रोबिन कुमार, टिहरी के महेश्वर प्रसाद सेमवाल, रुद्रप्रयाग के शशिकांत नौटियाल, चंपावत के जहीर अब्बास, ऊधमसिंह नगर के नौ सिंह, नैनीताल की डॉ. श्वेता, पिथौरागढ़ के विक्रम सिंह परिहार और अल्मोड़ा के त्रिलोक सिंह अधिकारी को सम्मानित किया गया।
माध्यमिक शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान से भी शिक्षक पुरस्कृत
माध्यमिक शिक्षा के लिए पौड़ी के नरेंद्र सिंह नेगी, चमोली की डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, देहरादून के डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव, हरिद्वार के कमलेश पंवार, चंपावत के नवीन चंद्र पंत और नैनीताल के विशन सिंह मेहता को पुरस्कार दिया गया।
वहीं, प्रशिक्षण संस्थान श्रेणी में उत्तरकाशी के डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य को पहचान और प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। सम्मानित शिक्षकों का चयन उनके शैक्षिक योगदान और कार्यों के आधार पर किया गया है। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे शिक्षकों के सम्मान का अवसर बना।