उत्तरकाशी/देहरादून: थाना मोरी क्षेत्र से नाबालिग के लापता होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 20 वर्षीय युवक को देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने 10 सितंबर 2026 को नालापानी चौक, देहरादून से नाबालिग को सकुशल बरामद किया। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अपहरण के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को नाबालिग के पिता ने थाना मोरी में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेटी बिना बताए घर से चली गई और वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
नाबालिग से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने उसकी शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से सुराग जुटाए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 10 सितंबर को नालापानी चौक, देहरादून से नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नीरज कुमार (20), पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर, देहरादून को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।