हरिद्वार। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से 16 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
करीब 400 रिक्तियों पर मिलेगा रोजगार का अवसर
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल के अनुसार, रोजगार मेले में हरिद्वार क्षेत्र की करीब 7 से 8 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। इन इकाइयों में करीब 400 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सकता है।
हाईस्कूल से परास्नातक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
रोजगार मेले में विभिन्न शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता वाले युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर, स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी शामिल हैं।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने साथ बायोडाटा की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र और सेवायोजन प्रमाणपत्र लाना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय में ले सकते हैं जानकारी
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार से संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 16 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।