देहरादून, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से करीब 8 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत विकसित किए गए इस पार्क को पुराने तालाब का पुनर्जीवन कर तैयार किया गया है। लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को पार्क की सौगात मिलने पर बधाई दी और इसे स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल सृष्टि पार्क में प्राकृतिक वातावरण और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय किया गया है। पार्क में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। पुराने तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका पुनर्जीवन कर पार्क विकसित किया गया है। तालाब के बीच एक आकर्षक आइलैंड बनाया गया है और लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि पार्क के विकसित होने से रायपुर क्षेत्र में एक नया सार्वजनिक आकर्षण जुड़ा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यहां आने वाले लोगों को देहरादून में ही नैनीताल जैसी अनुभूति मिल सकेगी। उन्होंने जल स्रोतों और तालाबों के संरक्षण को पर्यावरण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने से भी जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल का विशेष महत्व रहा है। सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को सुविधाजनक बनाना, शहर को बेहतर बनाना और पर्यावरण का संरक्षण करना भी है। उन्होंने जल सृष्टि पार्क को इसी सोच का उदाहरण बताया।
रायपुर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार देहरादून को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सरकार सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कर सकती है, लेकिन उनका रखरखाव और स्वच्छता बनाए रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है।