देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के तीसरे सीजन का आगाज 21 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस बार उद्घाटन समारोह में क्रिकेट के साथ बॉलीवुड और उत्तराखंड की लोक संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण होंगी, जबकि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोक गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
ओपनिंग सेरेमनी में उत्तराखंड के गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की लोक संगीत परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, टिहरी के जौनपुर से मंजू नौटियाल तथा जौनसार से अज्जू तोमर और अजय चौहान प्रस्तुति देंगे।
उद्घाटन दिवस पर दो महिला मुकाबले
यूपीएल के तीसरे सीजन के उद्घाटन दिवस पर क्रिकेट का रोमांच भी सुबह से शुरू होगा। पहला मुकाबला सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेंस और देहरादून वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस आमने-सामने होंगी।
दोनों मुकाबलों के बाद शाम को उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। ऐसे में 21 सितंबर को दर्शकों को दिन में महिला क्रिकेट मुकाबले और शाम को बॉलीवुड तथा लोक संगीत से सजा कार्यक्रम देखने को मिलेगा।
क्रिकेट और लोक संस्कृति को एक मंच पर लाने की तैयारी
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की सचिव किरण वर्मा ने कहा कि उद्घाटन समारोह लीग के नए सीजन की शुरुआत का प्रतीक है। उनके मुताबिक क्रिकेट और उत्तराखंड की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर आयोजन को खास बनाने का प्रयास किया गया है।
यूपीएल चेयरपर्सन सुनील जोशी के अनुसार तीसरा सीजन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण है। लीग में अलग-अलग आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों को टी-20 क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल रहा है। इससे स्थापित खिलाड़ियों के साथ उभरते क्रिकेटरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।
यूपीएल 2026 में महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले अलग-अलग चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर की शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले से होने की जानकारी दी गई है।