मोहब्बेवाला में लगातार सड़क हादसों पर दून पुलिस सख्त, NHAI को भेजा नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

मोहब्बेवाला में लगातार सड़क हादसों पर दून पुलिस सख्त, NHAI को भेजा नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार सुबह ट्रक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दोबारा लिखित नोटिस जारी किया है। पुलिस ने हादसों की रोकथाम के लिए अब तक किए गए उपायों और आगे की कार्ययोजना के संबंध में जवाब मांगा है। तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ट्रक हादसे में एक की मौत, दो घायल
रविवार सुबह कंट्रोल रूम से पटेलनगर थाना पुलिस को मोहब्बेवाला के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ फायर सर्विस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

पहले भी NHAI को कराया जा चुका है अवगत
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बालोनी ने बताया कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। दुर्घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूर्व में भी राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित विभाग को स्थिति से अवगत करा चुकी है।
पुलिस की ओर से हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया था। इसके बावजूद क्षेत्र में एक और गंभीर दुर्घटना सामने आने के बाद अब NHAI को दोबारा लिखित नोटिस भेजा गया है।
नोटिस के माध्यम से अब तक किए गए सुरक्षा उपायों और आगे हादसों की रोकथाम के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी मांगी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।