देहरादून: त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं। पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में दुकानों के बाहर सामान रखने, रेहड़ी-ठेली लगाने और आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लोडिंग-अनलोडिंग के लिए तय समय का पालन करने के निर्देश
प्रशासन ने निर्देश दिए कि पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। व्यापारियों से कहा गया है कि वे दुकानों पर सामान लाने और ले जाने यानी लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य निर्धारित समयावधि से पहले या बाद में करें, ताकि बाजार में लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
दुकानों के बाहर सामान रखने पर होगी कार्रवाई
बैठक में पलटन बाजार सहित अन्य व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा की गई। दुकानों के बाहर सामान फैलाने, रेहड़ी-ठेली लगाने और सार्वजनिक रास्तों पर बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और बाजारों में आवागमन के लिए पर्याप्त जगह बनाए रखें।
त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रशासन का जोर यातायात को व्यवस्थित रखने, पैदल चलने वालों को सुविधा देने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।