ग्राफिक एरा में एमबीए के छात्र-छात्राओं को दिया सफलता और उद्यमिता का मंत्र
देहरादून, 26 नवंबर। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि बदलते दौर में सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है, जो अवसरों का इंतजार करने के बजाय उन्हें पहचानकर अपने लिए नए रास्ते बनाते हैं। इसके लिए जोखिम उठाने का साहस, नए विचारों पर काम करने का जुनून और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी है।
डॉ. कमल घनशाला आज सिल्वर जुबिली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘फ्रॉम कैंपस टू करियर’ कार्यक्रम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के एमबीए के छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।
छोटे प्रशिक्षण केंद्र से बड़े शैक्षणिक समूह तक का सफर
डॉ. घनशाला ने ग्राफिक एरा की विकास यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि एक छोटे कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र से बड़े शैक्षणिक समूह तक पहुंचने का सफर दूरदृष्टि, नए विचारों और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इसी तरह छात्र-छात्राएं भी अपनी क्षमताओं और नेतृत्व कौशल को निखारकर नए अवसर पैदा कर सकते हैं और विकास की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को करियर के विकल्पों पर विचार करते समय केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार हासिल करने के साथ ही रोजगार देने की क्षमता विकसित करने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। उद्यमिता के लिए शुरुआत में बड़े निवेश की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि किसी समस्या को पहचानकर उसका व्यावहारिक समाधान तलाशना और उस पर विश्वास के साथ काम शुरू करना अधिक महत्वपूर्ण है।
मेहनत के साथ सीखने और चुनौतियों से लड़ने का जज्बा जरूरी
डॉ. घनशाला ने कहा कि करियर में सफलता के लिए मेहनत के साथ चुनौतियों का सामना करने का हौसला, शारीरिक और मानसिक दृढ़ता तथा अपने काम के प्रति जुनून जरूरी है। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में युवाओं को हर दिन कुछ नया सीखने, अपनी दक्षता बेहतर बनाने और कार्यक्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्षेत्र में फ्रेशर्स और अनुभवी पेशेवरों, दोनों के लिए आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं। अनुभवी लोग अपने अनुभव से काम को बेहतर दिशा दे सकते हैं, जबकि युवा अपनी तकनीकी समझ और नए दृष्टिकोण से कार्यप्रणाली में सुधार ला सकते हैं। सही प्रशिक्षण और सीखने की इच्छाशक्ति के बल पर युवा भी बड़ी जिम्मेदारियां संभालने में सक्षम बन सकते हैं।
गीत के जरिए दिया सफलता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डॉ. घनशाला ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता हासिल करने और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म कयामत से कयामत तक का लोकप्रिय गीत ‘पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा, बेटा हमारा ऐसा काम करेगा’ गाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।